राजनांदगांव। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए इस बजट में कृषि, रोजगार और तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता दी गई है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
श्री बघेल ने आगे कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक के उपयोग और फसल विविधीकरण पर जोर दिया गया है। इससे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजट में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए जो योजनाएं घोषित की गई हैं, उससे गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। ग्रामीण आधारभूत संरचना, सड़क, बिजली, भंडारण और सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगे। बजट में युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टार्टअप, स्वरोजगार और छोटे-मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बजट में डिजिटल बैंकिंगए आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रावधान सहकारिता और बैंकिंग क्षेत्र के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे किसानों और आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाएं और अधिक आसान व सुलभ होंगी। अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। यह बजट न केवल वर्तमान की जरूरतों को पूरा करता है बल्कि भविष्य की मजबूत और टिकाऊ अर्थव्यवस्था की नींव भी रखता है।

