गौवंश रक्षा, नशामुक्ति और बालिकाओं की आत्मरक्षा को लेकर बोलीं करूणा यादव – सीएम मैडम का ध्यान आकृष्ट कर जल्द निराकरण की मांग

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। रायपुर के कटोरातालाब स्थित वृंदावन भवन में आयोजित प्रदेश स्तरीय सर्व यादव महिला सम्मेलन में राजनांदगांव की महिलाओं ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या देवी साय शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनांदगांव की सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती करूणा मधुसूदन यादव ने की।

सम्मेलन के दौरान श्रीमती करूणा यादव ने मंच से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री प्रतिनिधि श्रीमती कौशिल्या देवी साय का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने शालाओं में बालिकाओं की आत्मरक्षा को अनिवार्य विषय बनाने, हाईवे और सड़कों पर लावारिस घूमते गौवंश की सुरक्षा, और नशामुक्ति अभियान को प्रदेश में मजबूती से लागू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि “आज समाज बालिकाओं की सुरक्षा, गौवंश की रक्षा और नशे की गिरफ्त में जा रही पीढ़ी को बचाने के लिए आवाज उठाने की आवश्यकता है। यदि इन तीनों मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया तो सामाजिक ढांचा कमजोर होगा।”

आयोजन में दिखी मातृशक्ति की एकजुटता
सम्मेलन में राजनांदगांव से श्रीमती जागृति चुन्नी यदु, जिला पंचायत सभापति, पार्षद खेमिन राजेश यादव और माथलडबरी की सरपंच श्रीमती मधु यादव सहित दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं। प्रदेश के कोने-कोने से आईं महिलाएं कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। धनमती यादव (देवभोग), किरण यादव (मस्तूरी), गीता यादव (कोरबा व तखतपुर), पुष्पलता यादव (पामगढ़) और स्नेहा यादव (रायपुर) ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

सीएम प्रतिनिधि ने दिया भरोसा
मुख्य अतिथि श्रीमती कौशिल्या देवी साय ने कहा, “यादव समाज भगवान श्रीकृष्ण की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, समाज की महिलाएं सामाजिक चेतना और संगठन की दिशा में अनुकरणीय कार्य कर रही हैं।” उन्होंने मंच से उठाए गए मुद्दों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचाने और यथाशीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय सर्व यादव महिला टीम के नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई और विभिन्न जिलों से आए अतिथियों का सम्मान किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और जनजागरण रहा, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :