नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला निगरानी बदमाश गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने वाले डोंगरगढ़ के कुख्यात निगरानी बदमाश बाबा उर्फ अली बख्श (58) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी 1985 से थाना डोंगरगढ़ का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ चोरी, डकैती, छेड़छाड़ और प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के कई मामले दर्ज हैं।
20 अगस्त की सुबह करीब 11.20 बजे आरोपी बाबा उर्फ अली बख्श ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकत और गाली-गलौज की। परिजनों की शिकायत पर थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2025 धारा 75 (1) (पअ), 296 बीएनएस और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के निर्देश पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने टीम बनाई। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने लगातार दबिश देकर उसे 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
आरोपी को 27 मार्च 1985 से निगरानी बदमाश की सूची में दर्ज किया गया है। राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट, छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। कई बार प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई हुई है, बावजूद इसके आरोपी आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आया।
आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, उपनिरीक्षक रामेश्वरी बघेल, प्रधान आरक्षक अखिल अंबादे, आरक्षक चितेश गात्रे, किशन चंद्रा और योगेश साहू की अहम भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!