नियमितीकरण व वेतनवृद्धि की मांग पर एनएचएम कर्मियों की हड़ताल शुरू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

खैरागढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतर आए। प्रदेशभर के 16 हजार से अधिक कर्मचारी आंदोलनरत हैं। इसी कड़ी में खैरागढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ के सदस्य भी जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक पर धरने पर बैठ गए।

धरने में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी शामिल हुए। कई महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं। कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना काल के दौरान उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं पर अब तक ध्यान नहीं दिया।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक नियमितीकरण, वेतनवृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार समेत उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होंगी और इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इधर, हड़ताल शुरू होते ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर दिखना शुरू हो गया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :