राजनांदगांव। सावन की हरियाली और उमंग से सराबोर माहौल में पुलिस लाइन परिसर में सावन सुंदरी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक रंग.बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन के गीतों पर नृत्य कर समां बांध दिया। महोत्सव में सावन की थीम पर आधारित साज-सज्जा, कविता पाठ, कहानी सत्र, गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण, हरियाली के महत्व को रेखांकित करना और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना रहा। संयोजिका डॉ. तेजमाला देशमुख ने बताया कि सावन महोत्सव प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसे इस वर्ष भी बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हम न केवल अपनी संस्कृति को सहेजते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझते हैं।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और वेशभूषा के माध्यम से सावन के सौंदर्य को जीवंत कर दिया। हरियाली थीम पर आधारित प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस लाइन की महिलाओं का विशेष योगदान रहा, जिनमें प्रमुख रूप से पूर्णिमा साहू, जमुना साहू, शीला डहरिया, कंचन तारम, ललिता सलामे, खेमलता साहू, श्यामा देशमुख, रंजना साहू, तरुणा निर्मलकर, ज्योति ठाकुर, पम्मी देशमुख और हिमांशी देशमुख सहित अनेक महिलाएं शामिल रहीं।
सावन की मस्ती, पारंपरिक गीतों की मिठास और हरियाली के संदेश के साथ यह आयोजन नारी शक्ति और प्रकृति के अद्भुत मेल का प्रतीक बनकर सामने आया।
