तलवार और चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजे गए

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। तुमड़ीबोड़ के रामनगर राम मंदिर के पास बीते शनिवार शाम को तलवार और चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आदतन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक धारदार तलवार और लोहे का पट्टा चाकू बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी को ग्रामवासियों अरुण विश्वकर्मा और आकाश यादव के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वे तलवार लेकर राम मंदिर इलाके में दहशत फैला रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुलदेव शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके पर दबोच लिया। उनके पास से एक धारदार तलवार और एक लोहे का पट्टा चाकू जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण विश्वकर्मा पिता कमलेश विश्वकर्मा, उम्र-31 वर्ष, निवासी-तुमड़ीबोड़ एवं आकाश यादव पिता प्रकाश यादव, उम्र-24 वर्ष, निवासी-तुमड़ीबोड़ है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ हत्या, बलवा, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले तुमड़ीबोड़ चौकी सहित जिले के अन्य थानों में भी दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गुंडा, बदमाश और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, सउनि चुन्नीलाल साहू, सउनि नंदकुमार फरदिया, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, जगत ठाकुर, आरक्षक कमल नेताम, आरक्षक चंदू यादव, थलेश देशमुख, प्रमोद करियारे और चौकी स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!