
राजनांदगांव। नगर निगम में एल्डरमेन पद को लेकर सियासी चर्चाएं जोरों पर हैं। वरिष्ठ प्रेस फोटोग्राफर एवं भारतीय जनता पार्टी से जुड़े अशोक श्रीवास्तव का नाम भी इस दौड़ में प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहा है। पत्रकार बिरादरी से भी यह मांग उठ रही है कि इस बार मीडिया से जुड़े व्यक्ति को एल्डरमेन पद दिया जाए, ताकि वह निस्वार्थ भाव से जनसेवा कर सकें।
अशोक श्रीवास्तव न केवल एक अनुभवी प्रेस फोटोग्राफर हैं, बल्कि समाजसेवा में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे अभिलाषा, लायंस क्लब जैसी सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं और कई बार शासन द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। इसके अलावा, वे अपने समाज में भी कार्यकारी अध्यक्ष और सचिव जैसे पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं। समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए, समाज के लोगों का भी मानना है कि भारतीय जनता पार्टी को उन्हें एल्डरमैन के रूप में मनोनीत करना चाहिए, जिससे समाज को भी गौरव की अनुभूति होगी।
राजनीतिक दृष्टि से भी अशोक श्रीवास्तव का अनुभव महत्वपूर्ण है। वे भाजपा से पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्वयं उनके लिए प्रचार किया था। हालांकि, उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुलबीर सिंह छाबड़ा विजयी हुए थे, लेकिन श्रीवास्तव ने भाजपा की ओर से कड़ी चुनौती दी थी। उस समय उनके मुकाबले चुनाव लड़ने के लिए कोई तैयार नहीं था, लेकिन उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था।
अब जब नगर निगम में एल्डरमैन पद को लेकर चर्चा हो रही है, तो प्रेस से जुड़े लोगों, समाज के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का भी मानना है कि अशोक श्रीवास्तव को यह अवसर मिलना चाहिए। इससे न केवल पत्रकार बिरादरी को प्रतिनिधित्व मिलेगा, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान और अधिक प्रभावी होगा।
