राजनांदगांव। राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी से जिले के अन्नदाताओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। राजनांदगांव जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सहूलियत के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। खासकर मोबाइल के जरिए मिलने वाली ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों को बिना किसी भागदौड़ या परेशानी के अपनी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है।
इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम रेंगाकठेरा के प्रगतिशील किसान श्री भेनलाल साहू अपना 50 क्विंटल धान बेचने के लिए रेंगाकठेरा उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्र में की गई व्यवस्थाओं पर गहरी संतुष्टि जताते हुए शासन की किसान-हितैषी नीतियों की खुलकर सराहना की।
आसानी से मिला ऑनलाइन टोकन, नहीं हुई कोई परेशानी
किसान श्री भेनलाल साहू ने बताया कि उनके पास कुल 4 एकड़ 92 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसमें वे परंपरागत रूप से धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने अपने खेतों में ‘सरना’ और ‘रुद्रा’ किस्म के धान की बंपर फसल ली है। अपनी उपज बेचने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें मोबाइल के माध्यम से बेहद आसानी से ऑनलाइन टोकन मिल गया था। उन्होंने 10 तारीख को सुबह करीब 10 बजे ही अपने फोन से टोकन प्राप्त कर लिया था। डिजिटल और ऑनलाइन व्यवस्था होने के कारण धान बेचने की पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और पारदर्शी हो गई है। उपार्जन केंद्र पहुंचने पर उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा, क्योंकि वहां किसानों के बैठने, छांव और पेयजल जैसी तमाम बुनियादी सुविधाएं बेहतरीन ढंग से उपलब्ध हैं।
कृषक उन्नति योजना से मिल रहा आर्थिक संबल
श्री साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को उनकी कड़ी मेहनत का सही और पूरा मूल्य मिल रहा है। इससे खेती-किसानी अब अधिक लाभ का सौदा साबित हो रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने ‘कृषक उन्नति योजना’ को अन्नदाताओं के लिए वरदान बताते हुए कहा कि इस योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि मिलने से खेती में निवेश करने और लागत वहन करने में बहुत बड़ी मदद मिलती है।
छोटे किसानों को भी इन कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। धान खरीदी केंद्रों पर सुगम व्यवस्थाओं से खुश होकर किसान श्री भेनलाल साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए आभार जताया है।





