श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने खैरझिटी में किया नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ

अपने दोस्तों को शेयर करें :

➡️ किसानों में दिखा उत्साह, 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से मिलेगा अंतर की राशि का लाभ

राजनांदगांव।

किसानों की सुविधा और गांवों में धान खरीदी व्यवस्था को सुलभ बनाने की दिशा में सेवा सहकारी समिति पदुमतरा के नवीन धान खरीदी उपकेंद्र ग्राम खैरझिटी में धान खरीदी का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। जिला पंचायत सभापति एवं क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में ग्रामीणों और किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और किसानों ने नवीन खरीदी केंद्र शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा के साथ क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्री साकेत वैष्णव, भाजपा तिलई मंडल अध्यक्ष श्री परदेसी सोनबोईर, श्री राजेश श्यामकर, सेवा सहकारी समिति पदुमतरा के अध्यक्ष श्री रामकुमार वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री महेश यादव, मंडल महामंत्री श्री राकेश साहू एवं श्री यशवंत वर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना और कृषि को लाभकारी बनाना है। उन्होंने बताया कि धान की कम मात्रा बेचने की स्थिति में भी किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एक एकड़ के लिए 13,839 रुपये की अंतर राशि किसानों को एकमुश्त प्रदान किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी। उन्होंने कहा कि नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से आसपास के गांवों के किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा तथा धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी। ग्राम खैरझिटी में प्रारंभ किए गए नवीन धान खरीदी केंद्र में चार गांवों को शामिल किया गया है। इनमें खैरझिटी, जोरातराई, डुमरडीहखुर्द और कलड़बरी शामिल हैं। इन गांवों के किसानों को अब अपने नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी। इसी क्रम में ग्राम बघेरा स्थित अलग धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ भी श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। दोनों केंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को धान विक्रय में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में सरपंच श्री टाकेश सिन्हा, श्री नेमु वर्मा, श्री शेखर यदु, श्री दशरथ सिन्हा, श्री प्यारेलाल सिन्हा, श्री परसोत्तम साहू सहित बड़ी संख्या में कृषक, पंचगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने पर खुशी जाहिर करते हुए इसे क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!