राजनांदगांव। जिले के चौकी चिखली अंतर्गत शांतिनगर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी के मोबाइल पर ज्यादा बातचीत करने के शक और आपसी विवाद के चलते एक पति ने घर में अकेली पाकर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन चौकी चिखली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को डोंगरगढ़ से धर दबोचा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और तवा जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 नवंबर 2026 की रात्रि को शांतिनगर में हत्या की सूचना मिलते ही चौकी चिखली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। प्रार्थी निखिल शेण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन अपने पति लक्की ठाकुर से विवाद के कारण अपने मायके (डोंगरगढ़ से अपने घर) आई हुई थी।
आरोपी लक्की ठाकुर कपड़ा देने के बहाने शांतिनगर आया और घर में अपनी पत्नी को अकेला पाकर उस पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपी ने घर में रखे तवे और धारदार वस्तु से उसके चेहरे, गले और सीने पर लगातार कई गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए घटनास्थल पर ही धारा 103(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
डोंगरगढ़ से दबोचा गया आरोपी, प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ था शक
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चौकी चिखली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्की ठाकुर उर्फ विक्की (उम्र 20 साल, निवासी बुधवारी पारा डोंगरगढ़, वार्ड नं. 15, थाना डोंगरगढ़) को डोंगरगढ़ से अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व डोंगरगढ़ बड़े मंदिर में उसकी पहचान मृतिका से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गया और उन्होंने डोंगरगढ़ मंदिर में ही प्रेम विवाह कर लिया था। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी मोबाइल पर ज्यादा बातचीत करती है, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते उसकी पत्नी मायके आ गई थी। इसी रंजिश में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने प्रयुक्त चाकू और तवा फेंक दिया था और ट्रेन से भागकर डोंगरगढ़ चला गया था। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू और 01 नग लोहे का तवा बरामद कर लिया है। दिनांक 08.11.2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को चंद घंटों में सुलझाने और आरोपी को गिरफ्तार करने में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सहायक उपनिरीक्षक विनोद कुमार वर्मा, शत्रुहन टंण्डर, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, रंजीत चौरसिया, अमित सोनी, किशोर मार्बल तथा साइबर सेल से मनीष वर्मा, परिवेश और सेहल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।





