सीखने की ललक और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ रहीं शिक्षिका चित्रा साहू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

कोलिहा। शिक्षक का सीखना कभी समाप्त नहीं होता। निरंतर सीखने और नए अनुभवों को अपनाने की इसी सोच के साथ शिक्षिका श्रीमती चित्रा साहू ने धर्मनगरी दामाखेड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक स्काउट-गाइड प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। शैक्षणिक और सहशैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाली चित्रा साहू के लिए यह प्रशिक्षण नए कौशल सीखने और अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने का अवसर बना।

प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने स्काउट-गाइड के सिद्धांतों, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, गांठ एवं बंधन, शिविर जीवन, टोली संचालन और विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। प्रशिक्षण में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और सामूहिक कार्यकुशलता से जुड़े पहलुओं को भी समझा।

चित्रा साहू का मानना है कि शिक्षक जितना अधिक स्वयं सीखता है, उतना ही बेहतर तरीके से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर सकता है। इसी उद्देश्य से वे समय-समय पर प्रशिक्षण, नवाचार और शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी करती हैं।

उनका प्रयास है कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभवों को विद्यालय की गतिविधियों में शामिल किया जाए, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व, सेवा भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित हो सकें।

उनका विश्वास है कि सफलता के लिए परिस्थितियों से हार मानने के बजाय लगातार प्रयास और सीखने की ललक जरूरी है। निरंतर स्वयं को निखारने और शिक्षा के क्षेत्र में नए अनुभव हासिल करने की उनकी यह पहल अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!