AAP कार्यालय का शुभारंभ, विजय गुप्ता समेत कई ने थामा झाड़ू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

➡️ मुकेश अहलावत ने किया उद्घाटन, संगठन विस्तार और जनसेवा पर दिया जोर

राजनांदगांव।

आम आदमी पार्टी ने राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने और अपनी राजनीतिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर में पार्टी के नए लोकसभा कार्यालय का भव्य उद्घाटन छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकेश अहलावत तथा प्रदेश सह-प्रभारी समर कुमार के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में विजय प्रकाश गुप्ता सहित कई लोगों ने आम आदमी पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं मोहला क्षेत्र से संतोष सहित उनके अनेक साथियों ने भी पार्टी में प्रवेश किया।
कार्यालय उद्घाटन समारोह में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवलाल नरेठी, लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, लोकसभा उपाध्यक्ष अशोक चौबे, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी और लोकसभा प्रभारी देवेंद्र भाटिया सहित प्रदेश, लोकसभा एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने कार्यकर्ताओं को जनसेवा और जनहित के प्रति पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी की वास्तविक पहचान जनता के बीच किए जाने वाले कार्यों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए किए जाने वाले संघर्ष से बनती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी परेशानियों को समझना चाहिए और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर सक्रिय रहकर जनता की आवाज बनना होगा। उन्होंने विशेष रूप से किसानों के मुद्दों पर जोर देते हुए कहा कि किसानों के सुख-दुख में पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी रहे। किसानों की समस्याओं, उनके अधिकारों और उनकी जायज मांगों को मजबूती से उठाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
दिल्ली-पंजाब के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल पर रखी बात
प्रदेश प्रभारी अहलावत ने अपने संबोधन में दिल्ली एवं पंजाब में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली के शिक्षा मॉडल में हुए सुधारों, सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं, शैक्षणिक वातावरण और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक, सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति का मूल आधार शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, मजदूर और आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। पार्टी इसी सोच और विचारधारा को लेकर जनता के बीच काम कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी ने कहा कि राजनांदगांव में लोकसभा कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आम जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने के उद्देश्य से इस कार्यालय की स्थापना की गई है। यह कार्यालय आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन, जनसमस्याओं के निराकरण तथा जनहित के मुद्दों को लेकर रणनीति तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं और जनता के साथ उसके सीधे जुड़ाव पर निर्भर करती है। लोकसभा कार्यालय के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एक व्यवस्थित मंच मिलेगा जहां बैठकर जनसमस्याओं पर चर्चा करने के साथ ही उनके समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा सकेगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नए सदस्यों का पार्टी में प्रवेश रहा। राजनांदगांव के विजय प्रकाश गुप्ता, जो पूर्व में जनसेवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं ने आम आदमी पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा मोहला क्षेत्र से संतोष सहित उनके अनेक साथियों ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थामा। लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनहित के कार्यों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा। भूपेश तिवारी ने कहा कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। प्रतिदिन नए साथी पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो संगठन के विस्तार और बढ़ते जनाधार का सकारात्मक संकेत है। आने वाले समय में लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों में संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना, जनहित की लड़ाई लड़ना और जनता के सामने एक बेहतर राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है। इसके लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। संगठन मजबूती का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपने विचार रखे। सभी ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। लोकसभा कार्यालय के उद्घाटन और नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने का संदेश दिया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!