राजनांदगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के प्रभारी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर 26 अक्टूबर, सोमवार को राजनांदगांव पहुंचेंगे। उनके प्रवास के दौरान दोपहर 2:30 बजे रायपुर नाका स्थित प्रेस क्लब भवन में पत्रकारवार्ता होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे सतनाम भवन में शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर और ग्रामीण जिला कांग्रेस प्रभारी कुंवर निषाद भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में अभियान की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी दिनों में इसे और प्रभावी एवं गतिशील बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। राजेश ठाकुर सहित वरिष्ठ नेता कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर सक्रियता और समन्वय आवश्यक है। राजनांदगांव में आयोजित संयुक्त बैठक से अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी। दोनों अध्यक्षों ने सभी कांग्रेसजनों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों, जिला ,ब्लाक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के जिला और ब्लाक पदाधिकारियों, सोशल मीडिया के प्रशिक्षित सदस्यों, नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
दोनों जिला कांग्रेस कमेटियों ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाने तथा अभियान को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।





