गोमांस बेचने वाले पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो : हनी ग्रेवाल

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के गौरीनगर में गोहत्या और गोमांस बिक्री प्रकरण को लेकर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हनी ग्रेवाल ने पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, आस्था और जनभावनाओं से जुड़ा है। ऐसे में गोहत्या और गोमांस की बिक्री का मामला केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक भावनाएं भी जुड़ी हैं। प्रकरण की निष्पक्ष और व्यापक जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रेवाल ने कहा कि अब तक सामने आए तथ्यों से शहर के विभिन्न हिस्सों में गोमांस की बिक्री की आशंका की जांच जरूरी हो गई है। पुलिस की कार्रवाई में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जानी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यह गतिविधि लंबे समय से संचालित हो रही थी। ऐसे में केवल सामने आए आरोपितों तक जांच सीमित रखने के बजाय पूरे नेटवर्क की पड़ताल जरूरी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर में संचालित चिकन-मटन सेंटरों की भूमिका की भी नियमानुसार जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाए कि मांस की आपूर्ति कहां से होती थी, उसका परिवहन और वितरण कौन करता था तथा बिक्री किन-किन स्थानों पर की जाती थी। यदि किसी दुकान या व्यक्ति की संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी निर्दोष को परेशान किए बिना वास्तविक दोषियों और पूरे नेटवर्क की पहचान की जानी चाहिए।

ग्रेवाल ने कहा कि गोहत्या और गोमांस बिक्री जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। मामले में सामने आए सभी पहलुओं की जांच, संबंधित लोगों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाकर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए। उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और आवश्यक कानूनी व्यवस्था मजबूत की जाए।

उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन को पारदर्शी तरीके से जांच आगे बढ़ानी चाहिए। पूरे मामले का पर्दाफाश होने और दोषियों पर कार्रवाई से ही लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!