नगर निगम के सेवा पंडाल में पदयात्रियों की उमड़ी भीड़, 24 घंटे मिल रहीं भोजन व स्वास्थ्य सुविधाएं

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मां बमलेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों और दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास नगर निगम द्वारा लगाए गए सेवा पंडाल में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज से आ रहे पदयात्री शासकीय सेवा पंडाल में पहुंचकर विश्राम, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। पंडाल में निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार स्वयं उपस्थित रहकर दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।

तीन पालियों में लग रही अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी
सेवा पंडाल की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रदेशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं, जिनमें हजारों पदयात्री शामिल होते हैं। पदयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तीन पालियों में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा के लिए मेडिकल स्टाफ को भी चौबीसों घंटे तैनात रखा गया है।

विश्राम, मोबाइल चार्जिंग से लेकर मरहम-पट्टी तक की नि:शुल्क व्यवस्था
पंडाल में आने वाले यात्रियों के लिए 24 घंटे चाय, नाश्ता और भोजन की उत्तम व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा लंबे पैदल सफर से थके पदयात्रियों के विश्राम के लिए आरामदायक बिस्तर और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं। मेडिकल स्टाफ द्वारा श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ उनके पैरों के छालों का इलाज, मरहम-पट्टी और आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क दी जा रही हैं।

“शासकीय अमले का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय”
दूर-दराज के शहरों से पहुंचे पदयात्रियों ने नगर निगम की इस पहल की दिल खोलकर तारीफ की। श्रद्धालुओं का कहना है कि आमतौर पर सामाजिक संस्थाएं ही इस तरह के पंडाल लगाती हैं, लेकिन शासकीय दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ 9 दिनों तक लगातार दिन-रात जनता की सेवा करना बहुत बड़ी बात है। बेहतर प्रबंधन और आत्मीय सेवा पाकर खुश नजर आ रहे पदयात्रियों ने निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!