राजनांदगांव। आगामी गणेश पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में असामाजिक तत्वों, अवैध गांजा-शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलकाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में रविवार (20 सितंबर) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में लिप्त तीन आरोपियों को दबोचा। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में देशी मदिरा और बिक्री की रकम बरामद की गई है।
बाइक पर ले जा रहे थे शराब, चेकिंग में धरे गए
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 AD 3915) पर क्षमता से अधिक शराब लादकर ग्राम बोरी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मधुबन रेस्टोरेंट (ग्राम बोरी) के पास घेराबंदी की। संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन और 10 पौवा सुपर 36 देशी मसाला (कुल मात्रा 7.200 बल्क लीटर, कीमत 3400 रुपये) जब्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरसिंग ढीमर (29 वर्ष) और रवि कुमार बघेल (20 वर्ष), दोनों निवासी कांकेतरा (ओपी चिखली) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
श्मशान घाट रोड पर बिक रही थी अवैध शराब
अभियान के तहत दूसरी कार्रवाई गठुला श्मशान घाट रोड के पास की गई। यहां अवैध रूप से शराब बेच रहे आरोपी रमेश कुमार भिमरे (48 वर्ष), निवासी नया ढाबा (चौकी सुकुलदैहान, थाना लालबाग) को रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 14 पौवा रोमियो देशी मसाला और 5 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 3.420 बल्क लीटर, कीमत 1800 रुपये) तथा बिक्री की नकद राशि 170 रुपये जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत पृथक से कार्रवाई की गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
अवैध शराब माफियाओं पर की गई इस सख्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटले, आरक्षक सुनील बैरागी, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, चंद्रकपुर आयाम एवं चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका और सराहनीय योगदान रहा।


