पंडालों में व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने निगम में गणेश समितियों की बैठक

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। संस्कारधानी की प्राचीन गणेश पर्व परंपरा के अनुरूप पंडालों में व्यवस्था बनाए रखने और स्थल झांकियों के सुचारू प्रदर्शन को लेकर नगर निगम कार्यालय में गणेश उत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव के निर्देश पर बुलाई गई इस बैठक में निगम प्रशासन, पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने समिति पदाधिकारियों के साथ सार्थक चर्चा की।

बैठक में निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित डीएसपी क्राइम एस.पी. तिवारी, डीएसपी यातायात के.के. वाजपेयी, तहसीलदार पी.एल. नाग, कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके और राजस्व अधिकारी मोबिन अली उपस्थित थे।

शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर बुलाई गई बैठक
विगत दिनों कुछ स्थल झांकी पंडालों में शुल्क लेने को लेकर विसंगतियों और व्यवस्थापकों द्वारा अशोभनीय व्यवहार की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पंडालों का निरीक्षण कर समझाइश दी थी। इसी परिप्रेक्ष्य में आज निगम में बैठक बुलाकर व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

शुल्क और व्यवहार को लेकर दिए गए निर्देश:

कमजोर वर्गों को राहत: समितियों से कहा गया कि बच्चों, विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर दर्शनार्थियों से शुल्क न लिया जाए।

पारिवारिक छूट: यदि एक परिवार से अधिक संख्या में लोग झांकी देखने आते हैं, तो उन्हें शुल्क में विशेष छूट दी जाए।

सद्भावनापूर्ण व्यवहार: झांकी स्थल पर तैनात वालंटियर्स और कार्यकर्ताओं को दर्शनार्थियों के साथ विनम्रता और सद्भावना से पेश आने के निर्देश दिए गए।
समितियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन के इन सुझावों पर अमल करने का पूरा आश्वासन दिया।

पॉली पेपर और अस्वच्छता पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने सभी गणेश समितियों से अपील की है कि पूजा और विसर्जन के दौरान प्रतिबंधित पॉली पेपर (प्लास्टिक शीट) का उपयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि यह नष्ट नहीं होता और सफाई में बाधा बनता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उपयोग पाए जाने पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अलावा प्रसादी व भंडारे के दौरान डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग करने और कार्यक्रम के बाद परिसर की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपने दोस्तों को शेयर करें :