राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के नाम पर भाजपा द्वारा किए गए आयोजन को लेकर निखिल द्विवेदी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी को भगवान बनाने की कोशिश भाजपा बंद करे। जन्मदिन मनाने के नाम पर जनता को परेशान करना और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
निखिल द्विवेदी ने कहा कि राजनांदगांव में आयोजन के नाम पर आम जनता को घंटों परेशान किया गया, स्कूली बच्चों को घंटों बैठाकर रखा गया और श्रद्धालुओं को मां बम्लेश्वरी के दर्शन तक से रोका गया। क्या किसी व्यक्ति विशेष के जन्मदिन के आयोजन से जनता की आस्था, बच्चों की पढ़ाई और आम नागरिकों की सुविधा बड़ी नहीं है?
उन्होंने कहा कि जिस तिरंगे को देश का हर नागरिक सम्मान देता है, उसी तिरंगे को ट्रक में फेंकने जैसी तस्वीरें सामने आना बेहद गंभीर और शर्मनाक विषय है। यदि यह तिरंगे के प्रति असम्मानजनक व्यवहार है तो प्रशासन को इसकी जांच कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
निखिल द्विवेदी ने कहा कि एक तरफ देशभक्ति का दिखावा किया जा रहा है और दूसरी तरफ तिरंगे के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि तिरंगे का सम्मान भाषणों और नारों से होगा या उसके व्यवहार से?
उन्होंने कहा कि मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीये जलाकर बड़ी मात्रा में तेल की बर्बादी की गई, जबकि देश का आम आदमी महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों के बोझ से जूझ रहा है। जनता के पैसे, संसाधनों और प्रशासनिक व्यवस्था का इस्तेमाल राजनीतिक आडंबर के लिए करना उचित नहीं है।


