राजनांदगांव। संसदीय क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद संतोष पांडे राजनांदगांव विधानसभा से मिली ऐतिहासिक जीत पर आभार प्रकट करने हेतु बालाजी मंदिर पुराने गंज के पास से विशाल आभार रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, महिला व आम नागरिक उपस्थित थे। रैली में गाजे-बाजे एवं डीजे की धुन के साथ थिरकते हुए युवाओं ने जोरदार नारेबाजी की। स्थान-स्थान पर रैली का भव्य स्वागत हुआ। लोग छत्तो एवं छज्जों पर खड़े होकर सांसद संतोष पांडे के विनम्रता पूर्वक किए गए अभिवादन के प्रतिउत्तर में फूल बरसा रहे थे। चौक-चौराहों पर जोरदार आतिशबाजी भी लोगों का आकर्षण का केंद्र बनी।
पुराने गंज चौक में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात जब रैली गंज चौक, भारत माता चौक, हलवाई लाइन, आजाद चौक से सिनेमा लाइन पहुंची, तो बारिश के रूप में इंद्र देवता ने भी रैली को आशीर्वाद दिया। भारी बारिश के बावजूद रैली रुकी नहीं और संतोष पांडे, अभिषेक सिंह एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भीगते हुए गंतव्य की ओर बढ़े। आभार रैली अपने निर्धारित स्थल गुरुद्वारे के पास पहुंचकर सभा के रूप में परिवर्तित हो गई।
भाजपा मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि आज का नया भारत अबकी बार नया इतिहास रचने जा रहा है, भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में लगातार केंद्र में तीसरी बार गैर कांग्रेसी सरकार सत्तारूढ़ हुई है, जिसके कारण कई प्रकार के विघ्नसंतोषी तत्वों के पेट में मरोड़ हो रहा है, भारत की प्रगति सारी दुनिया देख रही है, हम विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल हुए हैं, वहीं दूसरी ओर हमारे पड़ोसी देशों की हालत बद से बदतर हो गई है। आज देश में सड़कों का जाल बिछ रहा है, रेलवे की नई परियोजनाओं का कार्य तेज गति से चल रहा है, जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जा रही है, केंद्र में नहीं सरकार बनते ही जहां किसानों को सम्मान निधि का भुगतान कर अपनी प्राथमिकता मोदी जी ने बता दी है। वहीं गरीबों के करोड़ों की संख्या में मकान बनाकर भारत के नवनिर्माण का संकल्प भाजपा ने लिया है।
सभा में आभार व्यक्त करते हुए लोकसभा चुनाव संयोजक मधुसूदन यादव ने कहा कि विगत 5 वर्षों में भूपेश बघेल द्वारा राजनांदगांव से किए गए पक्षपात पूर्ण निर्णय से राजनांदगांव की जनता आक्रोशित थी, इसलिए राजनांदगांव ने उन्हें 57000 वोटों से पराजित कर वापस पाटन भेजा है, जिसके कारण आज कार्यकर्ता भारी बारिश में उत्साहित होकर भाजपा की जीत की खुशियां मना रहे हैं। उन्होंने सभी उपस्थित जनता एवं कार्यकर्ताओं के साथ पत्रकार बंधुओं एवं चुनाव में प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अभिवादन वाहन में सांसद श्री पाण्डेय के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, मधुसुदन यादव, अशोक शर्मा, खूबचंद पारख, सुरेश एच. लाल, भरत वर्मा, कोमल जंघेल सहित अन्य बड़े नेता वरिष्ठ नेता उपस्थित थे स

