राजनांदगांव के युवाओं ने नशे के खिलाफ लिया संकल्प, राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिया संदेश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय राजनांदगांव में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय) रायपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का समापन हुआ। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का संदेश दिया गया।

एनसीबी ने दी मादक पदार्थों की तस्करी और नियंत्रण की जानकारी
कार्यक्रम के दूसरे दिन मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (NCB) रायपुर के अधीक्षक अनिल कुमार ने मादक पदार्थों की तस्करी, नियंत्रण और नशे के दुष्प्रभावों पर पीपीटी के जरिए विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाव में उनकी भूमिका और मानस हेल्पलाइन नंबर (1933) के बारे में बताया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशाखोरी और तस्करी से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका अधीक्षक ने विस्तार से समाधान किया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
आयोजन के दौरान निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। विजेताओं को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एसआर कनोजे, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, ब्रह्माकुमारी केंद्र के प्रतिनिधि, प्राध्यापकगण और एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :