मधु महोत्सव के रंगों में रंगा संस्कारधानी, महापौर मधुसूदन यादव के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। ‘संस्कारधानी’ के नाम से प्रसिद्ध राजनांदगांव शहर एवं आसपास का पूरा अंचल शुक्रवार को ‘मधु महोत्सव’ के उल्लास में डूबा नजर आया। राजनांदगांव के पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव के जन्मदिवस के अवसर पर जनप्रिय नेता को शुभकामनाएं देने के लिए समर्थकों, शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों का हुजूम उमड़ पड़ा। पूरे जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से पहुंचे हजारों लोगों ने उन्हें दिनभर आत्मीयता से बधाई दी।

भक्तिभाव से हुई दिन की शुरुआत
जन्मोत्सव का शुभारंभ महापौर यादव ने पूर्ण सादगी और धार्मिक अनुष्ठान के साथ किया। सुबह सबसे पहले उन्होंने मोतीपुर स्थित शीतलापारा मंदिर एवं शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने परिजनों व वार्डवासियों के साथ केक काटकर खुशियां बांटीं। वे बजरंगपुर नवागांव स्थित महाकाली मंदिर तथा सोनारपारा में नगर की ग्राम देवी शीतला माता के दर्शन करने पहुंचे और शहर की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।

सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल
अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए महापौर ने अभिलाषा सामाजिक संस्थान में दिव्यांग बच्चों के बीच समय बिताया और जन्मोत्सव मनाया। इसके पश्चात वे समता वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। सिविल लाइन्स स्थित अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ केक काटने के बाद वे रानीसागर रोड स्थित योगा हॉल पहुंचे।

योगा हॉल में भव्य अभिनंदन और रक्तदान शिविर
योगा हॉल में ‘मोतीपुर रेजीमेंट’ की ओर से ढोल-नगाड़ों और भव्य आतिशबाजी के साथ महापौर का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस मौके पर उन्होंने वार्ड पार्षदों एवं नागरिकों के साथ वृक्षारोपण भी किया। दोपहर 1 बजे से लेकर शाम तक लगातार लगभग साढ़े तीन घंटे तक वे पूरी विनम्रता और मुस्कान के साथ बधाई, फूल-मालाएं और शुभकामनाएं स्वीकार करते रहे। इस दौरान छात्र युवा मंच द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

देर रात तक चलता रहा आयोजनों का दौर
कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ पार्षद सावन वर्मा ने बताया कि शहर के विभिन्न चौराहों पर महापौर के अभिनंदन के लिए विशेष कार्यक्रम तय किए गए थे। शाम ढलते ही भदौरिया चौक, क्लब चौक बसंतपुर, नंदई चौक, लखोली चौक, महाकाल चौक (मानव मंदिर चौक) और चिखली गौठान मैदान में देर रात तक उत्साह का माहौल बना रहा। पूरे दिन सोशल मीडिया पर भी ‘मधु महोत्सव’ और महापौर का जन्मदिन ट्रेंड करता रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :