ममता नगर गली नंबर 5 में अतिक्रमण हटाकर खुलवाया रास्ता, महापौर ने सुलझाया विवाद

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। ममतानगर की गली नंबर 5 में अतिक्रमण को लेकर चल रहे विवाद का शनिवार को पटाक्षेप हो गया। महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचकर सार्वजनिक मार्ग पर डाले गए मलबे को हटवाया और मुरम डलवाकर जेसीबी से मार्ग का समतलीकरण कराया। इसके बाद मार्ग पर दोबारा आवागमन शुरू हो गया।

कार्रवाई के दौरान निगम आयुक्त जीआर मरकाम, ईई दीपक कुमार खांडे सहित निगम के कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। महापौर ने अतिक्रमणकर्ता साहू परिवार को समझाइश देते हुए सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध नहीं करने और शासकीय कार्रवाई में सहयोग करने की बात कही।

दोबारा मलबा डालकर बंद किया था रास्ता
वार्ड 18 के ममतानगर गली नंबर 5 के रहवासियों ने सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत निगम प्रशासन से की थी। वार्डवासियों का आरोप था कि शहीद चौक से मित्र चौक होते हुए न्यू खंडेलवाल कॉलोनी तक जाने वाले मार्ग का वर्षों से सार्वजनिक आवागमन के लिए उपयोग किया जा रहा था। कुछ समय पहले मार्ग पर प्रीकास्ट वॉल और गेट लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था।

शिकायत के बाद निगम प्रशासन ने दो दिन पहले कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया था। इस दौरान निगम की कार्रवाई का विरोध करने, जेसीबी पर पथराव और चालक को चोट पहुंचाने की शिकायत भी सामने आई थी। मामले में अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

महापौर के हस्तक्षेप से फिर शुरू हुआ आवागमन
अतिक्रमण हटाने के बाद मार्ग पर दोबारा मलबा डाल दिए जाने से आवागमन बाधित हो गया था। वार्डवासियों ने इसकी शिकायत महापौर से की। इसके बाद महापौर शनिवार को निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटवाकर मार्ग को आवागमन योग्य कराया। निगम की देखरेख में मुरम डालकर जेसीबी से सड़क को समतल किया गया।

महापौर ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। वार्डवासियों की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए मार्ग को सुचारू कराया गया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :