अशिक्षा का फायदा उठाकर 60 साल की वृद्धा से धोखाधड़ी, 21 डिसमिल जमीन हड़पने वाला बसंतपुर का गुंडा गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। ग्रामीण महिला के अनपढ़ होने और भोलेपन का फायदा उठाकर धोखाधड़ी से 21 डिसमिल जमीन अपने नाम कराने वाले शातिर जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी बसंतपुर थाने का आदतन गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अरसीटोला (तहसील डोंगरगांव) निवासी 60 वर्षीया जामबाई यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी मो. परवेज गोरी उर्फ ओमप्रकाश राजपूत (34 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, राजनांदगांव) ने उससे जमीन का सौदा किया था। आरोपी ने 07-07 डिसमिल के हिसाब से जमीन खरीदने का झांसा देकर इकरारनामा कराया था।

कागजातों में हेरफेर कर कराई पूरी 21 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री
रजिस्ट्री के दौरान आरोपी ने महिला की अशिक्षा का फायदा उठाया और 07 डिसमिल के बजाय छल-कपट से पूरी 21 डिसमिल जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। यही नहीं, जमीन के बदले दिए गए चेक में से एक चेक बैंक में अनादरित (बाउंस) हो गया। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

छुरिया और कोतवाली थाने में भी दर्ज हैं ठगी के मामले
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बसंतपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ छुरिया तथा कोतवाली राजनांदगांव थाने में भी इसी तरह की ठगी के मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई में शामिल टीम
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल और प्रधान आरक्षक सुरेश राजपूत का विशेष योगदान रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :