राजनांदगांव। योगासन खेल के क्षेत्र में नगर की प्रतिभाएं लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में योग शाला के आठ प्रतिभावान खिलाड़ियों ने ब्लॉक स्तरीय योगासन खेल स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर अपने विद्यालय, योग प्रशिक्षण संस्थान और नगर का गौरव बढ़ाया है। गत 24 जुलाई को गायत्री विद्यापीठ में आयोजित ब्लॉक स्तरीय योगासन खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। ट्रेडिशनल इवेंट के 14 वर्ष आयु वर्ग बालक वर्ग में पार्थ पारधी तथा बालिका वर्ग में खुशी सिन्हा का चयन हुआ। 17 वर्ष आयु वर्ग बालक वर्ग में यशस्व ठाकुर ने अपनी जगह बनाई। वहीं आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में प्रियांशी सिंह, आर्टिस्टिक पेयर इवेंट में खुशी सिन्हा एवं देवांशी साहू तथा रिदमिक पेयर इवेंट में बालिका वर्ग से समृद्धि विश्वकर्मा एवं दीक्षा सिन्हा और बालक वर्ग से हरीश वर्मा एवं पार्थ पारधी का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सभी चयनित खिलाड़ी आगामी 28 जुलाई को गायत्री विद्यापीठ में आयोजित जिला स्तरीय योगासन खेल स्पर्धा में भाग लेकर नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे विद्यालय एवं योगशाला द्वारा संचालित विशेष प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान है। नगर के शिक्षाविद् एवं नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल के संस्थापक नीरज बाजपेयी तथा योगासन भारत के जिलाध्यक्ष हेमंत तिवारी की प्रेरणा से, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आरती पिल्लई की देख-रेख में तथा योगशाला के संस्थापक योगाचार्य किशोर माहेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के 14 वर्ष आयु वर्ग के दर्जनभर से अधिक विद्यार्थियों को योगासन खेल का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
योगासन खेल स्पर्धा के लिए स्तरीय खिलाड़ी तैयार करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए नगर के ख्यातिलब्ध योगाचार्य किशोर माहेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन में योगशाला की पूरी टीम निरंतर प्रयासरत है। प्रशिक्षण टीम में राष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी सुश्री दीक्षा ताम्रकार, सुश्री श्रुति ताम्रकार, मोहित सोनी, प्रेम साहू एवं प्रवीण साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम योगासन भारत एवं योगशाला के संयुक्त और अभिनव प्रयास के रूप में आयोजित की जा रही है। वहीं प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराने में विद्यालय की क्रीड़ा शिक्षिका सुश्री सुषमा साहू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

