राजनांदगांव। घर में युवती को अकेली पाकर उसकी लज्जा भंग करने की नीयत से घर में घुसने वाले आरोपी के खिलाफ तुमडीबोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी तुमडीबोड़ क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर में अकेली थी। उसी दौरान गांव का ही 50 वर्षीय बीरसिंग जोशी पिता कवलराम जोशी उसके घर में घुस आया। युवती को अकेला पाकर उसने लज्जा भंग करने के इरादे से उसे जबरन पकड़ लिया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके बाल पकड़कर खींचने शुरू कर दिए।
साहस दिखाकर खुद को बचाया
पीड़िता ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए खुद को छुड़ाने के लिए पास में रखे सीमेंट के डंबल से आरोपी पर वार कर दिया। हमले से घबराकर आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और तुमडीबोड़ चौकी पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के दिशा-निर्देशन में तुमडीबोड़ पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ धारा 74, 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी बीरसिंग जोशी (ग्राम आलीखुटा) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी पर नागपुर में दर्ज है हत्या का मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बीरसिंग जोशी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ तुमडीबोड़ चौकी में मारपीट व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की कई फाइलें दर्ज हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र के नागपुर स्थित कलमना थाने में उसके विरुद्ध धारा 302 (हत्या) का मामला भी लंबित है।
इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सउनि चुन्नी लाल साहू, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख, विकास राजेत्री और महिला सैनिक उषा वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

