आयुक्त की सुबह-सुबह इंदिरा नगर में दस्तक : जिला अस्पताल का चोक नाला JCB से खुलवाया, ऑडिटोरियम का मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शहर की सफाई व्यवस्था और जलभराव का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम बुधवार सुबह अचानक इंदिरा नगर पहुंचे। उन्होंने जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और बारिश के पानी की निकासी को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने देखा कि जिला चिकित्सालय के सामने स्थित नाला पॉलीथिन और कचरे की वजह से पूरी तरह चोक हो चुका था। उन्होंने तत्काल मौके पर जेसीबी बुलवाकर नाले की सफाई कराई। इसके साथ ही अस्पताल परिसर के चारों ओर बनी नालियों की सफाई के लिए ‘स्वच्छता कमांडो गैंग’ को तैनात कर जमा कचरा बाहर निकलवाया।

जलभराव से निपटने कच्ची नालियां खोदने के निर्देश
निचली बस्तियों में पानी भरने की आशंका को देखते हुए आयुक्त ने स्वास्थ्य और तकनीकी अमले के साथ पूरी इंदिरा नगर बस्ती का दौरा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि:

जलभराव वाले इलाकों से पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था की जाए।

जिन गड्ढों में पानी भरा है, वहां अस्थायी रूप से कच्ची नाली खोदकर पानी निकाला जाए।

बस्ती में नियमित और विशेष सफाई अभियान चलाया जाए ताकि बीमारियों का खतरा न बढ़े।

अस्पताल के शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश
जिला अस्पताल परिसर स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने संचालक को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शौचालय में पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

निर्मलकर ऑडिटोरियम का लिया जायजा
इसके बाद आयुक्त मरकाम पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम पहुंचे और वहां चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बचे हुए कामों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा, “ऑडिटोरियम में शासकीय और वीआईपी कार्यक्रम आयोजित होते हैं, इसलिए परिसर की नियमित सफाई की जाए और कंटीली झाड़ियों को तुरंत काटा जाए।”

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद सतीश साहू, कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित निगम का स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :