आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिरचारी में योगाभ्यास के साथ दी जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। स्वस्थ जीवन शैली अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष सड़क चिरचारी में अनूठी पहल की जा रही है। यहां प्रतिदिन सुबह न केवल नागरिकों को योगाभ्यास कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है। बुधवार सुबह आयोजित विशेष सत्र में योग के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से बचाव और सौर ऊर्जा अपनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने एचपीवी टीकाकरण की दी जानकारी
सत्र के दौरान उपस्थित ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। अधिकारियों ने बताया कि बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए यह टीका बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में मौजूद 14 से 15 वर्ष तक की किशोरी बालिकाओं के अभिभावकों को प्रेरित किया गया कि वे अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में वे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।

मुफ्त बिजली योजना के लाभ बताए, अंकुरित अनाज का हुआ वितरण
स्वास्थ्य जागरूकता के साथ ही इस दौरान ग्रामीणों को ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के फायदों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि वे बिजली बिल से मुक्ति पा सकें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। योग प्रशिक्षकों ने सभी को स्वस्थ दिनचर्या का पालन करने और भोजन में तेल, नमक व शक्कर की मात्रा कम करने की सलाह दी। सत्र के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को पौष्टिक आहार के रूप में अंकुरित चना और मूंग का वितरण किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय ग्राम सरपंच, स्कूल के प्रधान पाठक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सड़क चिरचारी के समस्त स्टाफ, योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :