एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में सोमानी स्थित फैक्ट्री में हुई कार्रवाई
राजनांदगांव | 10 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में राजनांदगांव पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 270 किलोग्राम गांजे का न्यायालय के आदेशानुसार नष्टीकरण किया।
शुक्रवार को सोमानी के पास स्थित अधिकृत फैक्ट्री में निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जब्त गांजे का नष्टीकरण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई तथा नष्टीकरण की प्रक्रिया का विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।


