खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी की कार्यप्रणाली की होगी जांच

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले के विभिन्न व्यापारिक एवं व्यावसायिक संगठनों की शिकायतों के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी तरुण बिरला की कार्यप्रणाली की जांच के लिए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, थोक किराना व्यापारी संघ, होटल हलवाई संघ, फूड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित अन्य व्यापारिक संगठनों ने अभिहित अधिकारी की कार्यशैली को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी कार्यप्रणाली के कारण व्यापारियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा है, जिससे जिले के व्यापारिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति शिकायतों में लगाए गए आरोपों की बिंदुवार जांच करेगी। इसके तहत संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे, उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा तथा तथ्यों के आधार पर जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
कलेक्टर ने जांच समिति को निर्देश दिए हैं कि वह स्पष्ट अभिमत एवं आवश्यक अनुशंसाओं सहित अपनी रिपोर्ट सात दिनों के भीतर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :