राजनांदगांव। नीलू शर्मा ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान रानीसागर स्थित पर्यटन मंडल कार्यालय में पहुंचे नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी साझा करते हुए पर्यटन के महत्व और इसके व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की।
जनदर्शन कार्यक्रम में नीलू शर्मा ने कहा कि राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर स्थानीय पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय विकास का एक मजबूत माध्यम भी है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। नीलू शर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहयोग करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता और प्रशासनिक प्रयासों के समन्वय से राजनांदगांव को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी पर्यटन विकास के लिए अपने सुझाव साझा किए और क्षेत्र के विकास में सहभागिता का भरोसा दिलाया।

