झपटमारी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, नगदी व दस्तावेज बरामद

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने झपटमारी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नगदी, पर्स तथा वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम परसाटोला निवासी महेश साहू ने थाना लालबाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 मई की रात लगभग 9 बजे पुरानी शराब भट्ठी के पास अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में 800 रुपये नकद और वाहन क्रमांक सीजी 08 जीजे 3217 की आरसी बुक रखी हुई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। सूचना के आधार पर अटल आवास पेंड्री निवासी रोहित मंडावी (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया पर्स, 800 रुपये नगद तथा वाहन की आरसी बुक बरामद कर जब्त कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर यादव, अश्वनी यदु, आरक्षक राकेश धुर्वे एवं कमल किशोर यादव की सराहनीय भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :