मतदान दलों की रवानगी, घुमका नगर पंचायत और पंचायत उपचुनाव के लिए तैयारियां पूरी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन के लिए रविवार को शासकीय आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल से मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान कर्मियों को पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई।

नगर पंचायत घुमका में अध्यक्ष पद एवं 15 पार्षद पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 3209 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1579 पुरुष एवं 1630 महिला मतदाता शामिल हैं।

इसी प्रकार जनपद पंचायत डोंगरगांव क्षेत्र क्रमांक-5 में एक जनपद सदस्य के निर्वाचन हेतु 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल 4882 मतदाता हैं, जिनमें 2452 पुरुष तथा 2430 महिला मतदाता शामिल हैं।

वहीं जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत एक सरपंच एवं दो पंच पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। यहां कुल पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं। क्षेत्र में कुल 1550 मतदाता हैं, जिनमें 793 पुरुष एवं 757 महिला मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत 1 जून 2026 को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद संबंधित मतदान केंद्रों में ही मतगणना की जाएगी। वहीं नगरीय निकाय निर्वाचन की मतगणना 4 जून को संपन्न होगी।

जिला प्रशासन ने सभी मतदान दलों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारु मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :