बरगा में शुरू हुआ पशु सखी प्रशिक्षण, 30 ग्रामीण महिलाएं लेंगी प्रशिक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करते हुए ग्राम बरगा स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में पशु सखी (ए-हेल्प) का 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह और आरसेटी निदेशक अमित मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के विशेष अनुमोदन के तहत जिले में यह पहला बैच शुरू किया गया है, जिसमें छुरिया ब्लॉक की 30 ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान पशुओं की देखभाल, टीकाकरण, प्राथमिक उपचार, पौष्टिक आहार एवं कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद पशु सखियां गांवों में पशुपालकों को जागरूक करेंगी और पशुधन विकास विभाग व ग्रामीणों के बीच समन्वय का कार्य करेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि इससे महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक मुनीश शर्मा, एनआरएलएम-डीएमएमयू के पिनाकी डे सरकार तथा मुख्य प्रशिक्षक अजय शर्मा उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!