डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुधरीं व्यवस्थाएं, मरीजों को मिल रहीं बेहतर सुविधाएं

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रशासनिक दावों के बीच डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से राहत भरी खबर आई है। अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए व्यवस्थाओं को पहले से काफी बेहतर किया गया है। अब स्थानीय नागरिकों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के लिए सभी आवश्यक जीवन रक्षक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी कड़ी में डोंगरगांव स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से प्रभावित दंत चिकित्सा सेवा को दोबारा पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है।

दंत चिकित्सा सेवा बहाल, डेंटिस्ट उपलब्ध
सीएमएचओ ने बताया कि डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बंद पड़ी डेंटल चेयर (दंत चिकित्सा की विशेष कुर्सी) को तकनीकी रूप से सुधार लिया गया है। इसके साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में नियमित रूप से दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। अब क्षेत्र के लोग दांतों से जुड़ी समस्याओं का इलाज आसानी से स्थानीय स्तर पर ही करा सकेंगे।

गर्मी से राहत और पर्याप्त दवाओं के इंतजाम
नौतपा की इस भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के भीतर मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए पर्याप्त संख्या में कूलर, पंखे और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अस्पतालों में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक
डॉ. नवरतन ने आश्वस्त किया है कि डोंगरगांव सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक और आपातकालीन दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को बाहर से दवाइयां न लिखनी पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन की इस पहल से डोंगरगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों में हर्ष का माहौल है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :