राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
सीईओ जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुके आवासों का तत्काल सीसी जारी करने तथा नोडल अधिकारियों को अधिक से अधिक ग्रामों में पहुंचकर आवास निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने कहा। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण कार्यों का भी शीघ्र सीसी जारी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करने कहा। सामाजिक सहायता योजना के तहत निर्धारित प्रारूप में जानकारी प्रस्तुत करने और हितग्राहियों के आधार पंजीयन कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में हर घर सोख्ता गड्ढा अभियान की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में मिशन मोड में कार्य करने कहा गया। सीईओ ने बताया कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतवार सोख्ता गड्ढा निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इंजेक्शन वेल, वाटर रिचार्ज शाफ्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता गड्ढा एवं फिल्टर मीडिया की साफ-सफाई के कार्य गंभीरता से करने के निर्देश दिए।
ईडब्ल्यूएम सेंटरों का अनुबंध कर मशीनें शुरू कराने तथा यूजर चार्ज कलेक्शन में सुधार लाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। यूजर चार्ज संग्रहण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया गया। बैठक में बताया गया कि शासन के नवीन निर्देशानुसार अब चार प्रकार के कचरे का पृथक संग्रहण किया जाएगा।
बैठक में पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण एवं मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना अंतर्गत संचालित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर यूसी और सीसी जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, समर्थ पोर्टल, हर घर जल, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, डीएफ अकाउंट, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, पंचायत सेक्टर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

