राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी शराब की 85 पौवा, एक मोटरसाइकिल सहित कुल 51,800 रुपये का माल जप्त किया है। वहीं शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में जिले में नशे एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सोमनी सांकरा मोड़ के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपियों के पास से 85 पौवा देशी शोले शराब (कुल 15.300 बल्क लीटर), कीमत लगभग 6,800 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त काले-नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 07 बीआर 4953) जिसकी कीमत लगभग 45,000 रुपये है, जप्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितेश पाटीला (24 वर्ष) एवं राकेश टोंडे (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम ककरेल थाना सोमनी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इसी अभियान के तहत ग्राम टेडेसरा स्थित संगम कॉलोनी में अपने दुकान में शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने वाले रामसाय साहू (40 वर्ष), निवासी संगम कॉलोनी वार्ड क्रमांक 17, के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, सहायक उप निरीक्षक चैतूराम आर्य, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू, आरक्षक तुषार मरकाम, लीला साहू, मनीष तिवारी, विनोद एवं हमलेश सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

