खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा : रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 4 हाईवा वाहन जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेंद्र यादव के सख्त निर्देश पर जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ खनिज विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने राजनांदगांव और डोंगरगांव तहसील के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक दबिश देकर रेत और चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन करते हुए 4 भारी वाहनों (हाईवा) को रंगे हाथों जब्त किया है।

दो तहसीलों के एक दर्जन गांवों में खनिज टीम की आकस्मिक दबिश
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम द्वारा राजनांदगांव तहसील के ग्राम भर्रेगांव, खुटेरी, सुरगी, इंदामारा, भानपुरी, मोहारा सहित डोंगरगांव तहसील के ग्राम खुज्जी, मटिया, बगदई, परना और खुर्सीपार में औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

इन वाहनों पर हुई जब्ती की कार्रवाई, थानों के सुपुर्द किए गए वाहन
जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन पाए जाने पर खनिज विभाग ने निम्नलिखित वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों की सुपुर्दगी में दे दिया है:

थाना सुरगी: प्रशांत सिन्हा के स्वामित्व वाले हाईवा (क्रमांक सीजी 08 एडब्ल्यू 2701) को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन को चालक संजय साहू चला रहा था।

थाना डोंगरगांव: मूलचंद्र चंद्राकर के स्वामित्व वाले हाईवा (क्रमांक सीजी 24 यू 8885) से चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक मनीष कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसे डोंगरगांव थाने के सुपुर्द किया गया।

थाना तुमड़ीबोड़: इस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो हाईवा वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसमें दीपक सोनकर के स्वामित्व वाले हाईवा (क्रमांक सीजी 05 एपी 3581, चालक गोकुल धनकर) और बिट्टू अग्रवाल के स्वामित्व वाले हाईवा (क्रमांक सीजी 08 बीए 4631, चालक रमेश पटेल) को रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया।

अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस, गश्त रहेगी जारी
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिले के संवेदनशील मार्गों और खदान क्षेत्रों में लगातार गश्त व निगरानी जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :