राज्य सरकार की बड़ी डिजिटल पहल : सेवा सेतु पोर्टल पर अब 441 शासकीय सेवाएं उपलब्ध

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप राज्य शासन ने सुशासन और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए सेवा सेतु पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे विभिन्न विभागों की 441 शासकीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने छोटे-छोटे प्रमाण पत्र, राजस्व कार्य और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए जिला या ब्लॉक मुख्यालय न आएं, बल्कि सेवा सेतु पोर्टल का अधिकतम उपयोग करें।

सहायक प्रबंधक, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी श्री आशीष स्वर्णकार ने बताया कि पोर्टल पर जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, नाम परिवर्तन हेतु राजपत्र प्रकाशन और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं और हर सेवा के लिए तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा होगा।

पूर्व में छत्तीसगढ़ में ई-डिस्ट्रिक परियोजना के तहत केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब उन्नत संस्करण सेवा सेतु में यह संख्या बढ़ाकर 441 कर दी गई है। इससे प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध हो गई हैं।

राज्य शासन की यह डिजिटल पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अब उन्हें छोटे-छोटे प्रमाण पत्र और कामों के लिए दूर-दराज के मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन का लक्ष्य धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे नागरिकों का समय और धन दोनों की बचत होगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!