सुशासन तिहार : समस्याओं के निराकरण के लिए उमड़ी भीड़, स्टेट स्कूल शिविर में मिले 74 आवेदन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत शुक्रवार को वार्ड नं. 14, 15 व 24 के लिए स्टेट स्कूल मैदान में जन समस्या निवारण शिविर लगाया गया। इस शिविर में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी मांगें और शिकायतें दर्ज कराईं। दिनभर चले इस आयोजन में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 64 आवेदन मांग से संबंधित और 10 शिकायत के रहे।

स्वरोजगार के लिए मिली आर्थिक मदद
शिविर के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को मौके पर प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सब्जी व्यवसाय के लिए तुषार गढेवाल को 25 हजार रुपये और सिलाई-कढ़ाई कार्य के लिए सुनीता बंजारे को 15 हजार रुपये का ऋण पत्र सौंपा गया। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया।

ऑनलाइन ट्रैकिंग से होगा त्वरित निराकरण
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा रही है, जिससे आवेदक स्वयं अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और निराश्रित पेंशन जैसे प्रकरणों का निपटारा तत्काल किया जाएगा, जबकि पेयजल और निर्माण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

इनकी रही उपस्थिति
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, पार्षद सतीश मसीह, प्रमोद झंझाडे, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा सहित कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर वार्डवासियों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी और उनके आवेदन जमा करवाए।

अगला शिविर 18 मई को
सुशासन तिहार की अगली कड़ी में 18 मई (सोमवार) को कमला कॉलेज मैदान में शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर शिविर में वार्ड नं. 22, 44 एवं 45 के नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। निगम प्रशासन ने संबंधित वार्ड के नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :