मोहला-मानपुर। नेशनल हाईवे 930 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बीटेझर और पैंदुर के बीच एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 13 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग राजनांदगांव में आयोजित उर्स से लौट रहे थे।
झपकी आने से बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन चालक को अचानक झपकी आना बताया जा रहा है। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
चार गंभीर घायल राजनांदगांव रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही खड़गांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार मोहला में जारी है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

