डोंगरगढ़ का आदतन कोचिया शराब के साथ गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को लालबाग पुलिस ने बरगा क्षेत्र में घेराबंदी कर एक शातिर शराब कोचिया को दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी डोंगरगढ़ क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी आबकारी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

घेराबंदी कर पकड़ा, 70 पाव शराब बरामद
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर अवैध रूप से शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने बरगा में जाल बिछाया। मौके पर घेराबंदी कर आरोपी अजीत वैष्णव (22 वर्ष), निवासी रुवातला (मोहारा) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 70 पाव देशी शोले प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 12.600 बल्क लीटर है।

अजमानती धाराओं के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से शराब सहित परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (कीमत करीब 20 हजार रुपए) जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत 25,600 रुपए बताई जा रही है। आरोपी का कृत्य अजमानती होने के कारण उसे आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इनकी रही विशेष भूमिका
यह कार्रवाई एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई। टीम में निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, आरक्षक राकेश धुर्वे, मुकेश सोनवानी, एएसआई तुलाराम बांद सहित विजय साहू, रामखिलावन सिन्हा, मिथलेश पटेल और भूपेन्द्र वर्मा का विशेष योगदान रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :