तीन गुना संपत्ति कर के खिलाफ कांग्रेस का जनआंदोलन तेज : संतोष पिल्ले

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा लगाए गए बढ़े हुए संपत्ति कर के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। शनिवार 18 अप्रैल को ममता नगर और तुलसीपुर क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं ने जनसंपर्क कर लोगों से हस्ताक्षर करवाए जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने बढ़े हुए कर के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि नगर निगम प्रशासन और प्रदेश की भाजपा सरकार जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मनमानी के चलते संपत्ति कर के नाम पर तीन गुना टैक्स लगाया गया है जिससे आम नागरिकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि शहर की जनता इस बढ़े हुए कर को किसी भी हाल में स्वीकार करने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार विरोध प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान चला रही है ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके और बढ़ा हुआ टैक्स वापस लिया जाए। श्री पिल्ले ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य वार्डों में भी यह अभियान जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी। शनिवार को आयोजित इस अभियान में कांग्रेस पार्षद सतीश मसीह, कांग्रेस नेता आसिफ अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने एकजुट होकर नगर निगम के फैसले का विरोध किया और बढ़े हुए संपत्ति कर को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही टैक्स वृद्धि वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :