1 मई से जिले में शुरू होगा सुशासन तिहार 2026, कलेक्टर ने तैयारियों के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर जिले में सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि 1 मई से 10 जून तक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि शासन की योजनाओं और जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्ती जिले के सिंघीतराई पावर प्लांट में हाल ही में हुए हादसे के मद्देनजर सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों और पावर प्लांटों में सुरक्षा मापदंडों की समीक्षा जरूरी है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि सभी प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद हो।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को भी जोर देते हुए जनमानस को सोलर पैनल लगाने और हरित ऊर्जा की ओर आकर्षित करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मिशन जल रक्षा के तहत किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के क्षेत्र में भी कलेक्टर ने किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाने और अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पेयजल की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण, खाद्य सुरक्षा जांच और अमानक खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई, नगर निगम में नाले की साफ-सफाई, कर संग्रहण और ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण और सक्रियतापूर्ण निराकरण, सीमांकन कार्य में तेजी, बटवारा और नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निपटारे पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को अटल पोर्टल मॉनिटरिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन और समय पर डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय और श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!