डोंगरगांव। थाना डोंगरगांव पुलिस ने अवैध सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सट्टा पट्टी, नगदी रकम और मोबाइल फोन सहित कुल 6220 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
02 अप्रैल 2026 को थाना डोंगरगांव पुलिस को सूचना मिली कि कॉलेज रोड सेवतापारा स्थित सरस्वती मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा पट्टी संचालित कर रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार एवं निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 01 सट्टा पट्टी, डाट पेन, 1220 रुपये नगद तथा एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5000 रुपये) जब्त किया गया। कुल जब्ती 6220 रुपये की रही।
पुलिस ने आरोपी किशुनलाल उके (57), निवासी सेवतापारा वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगांव को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार रावटे, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख एवं आरक्षक मोहन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

