राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत शहर की कालोनियों में प्रशासन की टीम ने व्यापक प्रचार-प्रसार कर कालोनिवासियों को ऊर्जा उपभोक्ता से ऊर्जा दाता बनने के लिए प्रेरित किया। योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली बिल में कटौती करना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर निगम सीमाक्षेत्र की कालोनियों में टीम ने जाकर योजना का लाभ और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में नगर निगम और विद्युत मंडल के अधिकारी ने नेहरू नगर, अभिनंदन ग्लेक्सी, जीवन कालोनी आशानगर, रिद्धी सिद्धि कालोनी और साहू अपार्टमेंट में नागरिकों को सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया।
विद्युत मंडल के अधीक्षण अभियंता एस. कवर, कार्यपालन अभियंता कौशलेन्द्र पांडे और नगर निगम के कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके ने जानकारी दी कि योजना के तहत घर की छत पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर बिजली के बिल में कमी लाना और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करना संभव है। योजना में 30 हजार से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी और बैंक से ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध है।
कालोनियों में आयोजित बैठकों में नागरिकों ने उत्साह दिखाया और कई लोग योजना के लिए आवेदन भरने के इच्छुक बने। कालोनी पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ घरों में पहले ही सौर ऊर्जा प्लांट लगाया गया है।
कार्यक्रम में लीड बैंक के मैनेजर सिंह, विद्युत मंडल के सहायक अभियंता रोहित मंडावी, नगर निगम के प्र. सहायक अभियंता सुषमा साहू, उप अभियंता अनुप पांडे, तिलक राज ध्रुव और प्रशासनिक अमला भी उपस्थित थे।

