महतारी योजना से साय सरकार बैकफुट पर, बढ़ते टैक्स ने जनता की कमर तोड़ी : अशोक फड़नवीस

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि चुनाव में किए गए वादे कागज के टुकड़े साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने महतारी योजना को लेकर उत्पन्न वित्तीय दबाव को विभिन्न करों और शुल्क बढ़ाकर जनता पर थोप दिया है।
श्री फडणवीस ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अब गैस सिलेंडर, संपत्ति कर, जलकर और रजिस्ट्री शुल्क में वृद्धि के कारण आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने बताया कि लोगों के निजी और व्यवसायिक भवनों पर संपत्ति कर डेढ़ से दुगुना कर दिया गया है। वहीं, भागीरथी योजना के तहत अब 700 रुपए की जगह 2,400 रुपए गरीब परिवारों से वसूले जा रहे हैं।
गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि और जमीनों की रजिस्ट्री शुल्क में बढ़ोत्तरी ने मकान बनाने का सपना भी तोड़ दिया है। फडनवीस ने आरोप लगाया कि सरकार की यह नीति केवल बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए है और किसानों की भूमि खरीदने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिक टैक्स वसूली के बावजूद बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन नहीं हुआ है। प्रदेश की जनसंख्या बढ़ रही है, लेकिन सरकारी नियुक्तियों की संख्या आवश्यकतानुसार नहीं बढ़ाई गई। कुल मिलाकर, सभी क्षेत्रों में जनता परेशान है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!