राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव में हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शहरभर में “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” की गूंज सुनाई दी और वीर हनुमान की गाथा से जुड़े भक्ति गीतों ने माहौल हनुमानमय कर दिया।
मानव मंदिर, गंज चौक स्थित बालाजी हनुमान मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। भक्तों ने खीर-पुड़ी, हलुवा और अन्य प्रसाद ग्रहण किया। नगर के गलियों-मोहल्लों में भी भोग और प्रसादी वितरित की गई।
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
हनुमान जयंती के एक दिन पूर्व शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ नाचते-गाते उत्साह का प्रदर्शन करते दिखे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी सभागृह में समाप्त हुई, जहां सभी को प्रसादी वितरित की गई।
शोभायात्रा में राम-सीता और हनुमान के वेशभूषा में कलाकारों ने जलवा बिखेरा। युवाओं में हनुमान के साथ सेल्फी लेने की होड़ भी लगी रही। शहर के मुख्य चौक-चौराहों में जलपान और ठंडे पेय पदार्थ की व्यवस्था की गई।
सभी क्षेत्रों में पूजा और भंडारा
शहर के चिखली, प्रभातनगर, बसंतपुर, गौरवपथ, नंदई, लखोली, गौरीनगर, रेवाडीह, बजरंगपुर नवागांव, प्यारेलाल चौक, ईमाम चौक और मानव मंदिर चौक में हनुमान जयंती का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष झम्मन देवांगन, राजेन्द्र यादव, सतीश वैष्णव (राजू) सहित अन्य पदाधिकारी शोभायात्रा और कार्यक्रमों की सफलता में शामिल रहे।
श्रद्धालुओं में उत्साह की कोई कमी नहीं रही और हनुमान जयंती का पर्व पूरे शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

