डोंगरगढ़। मां बम्लेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्र पर्व के लिए ट्रस्ट समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होए इसका विशेष ध्यान रखा गया है।
मां बम्लेश्वरी का चैत्र नवरात्रि पर्व 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा। ज्योति स्थापना 19 मार्च को रात 7.30 बजे नीचे मंदिर और शीतला मंदिर में तथा ऊपर मंदिर में रात 7 बजे से होगी। सप्तमी का विशेष काल रात्रि अभिषेक 25 मार्च को रात 12.30 बजे तक संपन्न होगा। अष्टमी हवन 26 मार्च को सुबह 8 बजे ऊपर मंदिर में और रात 7.30 बजे नीचे मंदिर व शीतला माता मंदिर में होगा। नवमी ज्योति विसर्जन 27 मार्च को सुबह 4 बजे ऊपर मंदिर में और रात 8 बजे नीचे व शीतला मंदिर में किया जाएगा।
ऊपर पहाड़ पर विराजित देवी के दर्शनार्थियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए ट्रस्ट समिति ने छिरपानी शेड में बदलाव किया है। अब एक बार में केवल पांच श्रद्धालु ही दर्शन के लिए प्रवेश करेंगे। इसके अलावा ट्रस्ट प्रधान कार्यालय के पास पुलिस का कंट्रोल रूम रहेगा। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए मार्ग रिजर्व किया गया है, जबकि अन्य वाहन प्रवेश प्रतिबंधित रहेंगे।
ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि सीढ़ियों में वाटर कूलर और अतिरिक्त पंखे लगाए जा रहे हैं, ताकि गर्मी में श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। रोप-वे संचालन रात को दो घंटे बढ़ाया गया है और यह सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक चलेगा। दोपहर में भोजन अवकाश के दौरान मशीनों का रखरखाव टेक्निकल टीम करेगी।
ट्रस्ट मंत्री महेंद्र परिहार ने बताया कि ज्योति स्थापना कर रहे श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि के लिए दुर्गा सप्तसती पाठए शतचंडी हवन आदि विद्वानों द्वारा किए जाएंगे। ट्रस्ट समिति हर संभव प्रयास कर रही है कि नवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।

