अवैध शराब पर कार्रवाई : 7.68 लीटर दारू और 100 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.68 लीटर महाराष्ट्र निर्मित देशी-विदेशी दारू और 100 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब जप्त की है।

आबकारी विभाग और रेल्वे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने रेल्वे स्टेशन राजनांदगांव के प्लेटफार्म नंबर 1 पर छापामारी की। यहां कौशल नामक आरोपी से 7.68 लीटर शराब जप्त की गई, जिसमें 1 नग एमसी डोवेल्स व्हिस्की, 2 नग मैजिक मोमेंट व्हिस्की, 2 नग रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, 1 नग देशी दारू मीठी सौंप, 6 नग देशी दारू फिरकी संत्री और 1 नग सेवन स्टार पंच शराब शामिल है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया।

इसके अलावा, आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बरनालाकला में भी बड़ी कार्रवाई की और नाला के किनारे से 100 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब और 1000 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में वृत्त राजनांदगांव के आबकारी उप निरीक्षक दिलीप कुमार प्रजापति, रेल्वे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव की निरीक्षक तरूणा साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक दीपक गुप्ता, प्रदीप यादव, ओमप्रकाश सिंह, आर्यन ठाकुर, और रेल्वे सुरक्षा बल जवान शामिल थे।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा विक्रय पर नियंत्रण के लिए होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सभी अधिकारियों को अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :