होली पर सख्ती : 179 दुकानों की जांच, आपत्तिजनक मुखौटे जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में बाजार क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान उन दुकानों की विशेष रूप से जांच की गई, जहां भ्रामक, भय उत्पन्न करने वाले या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले मुखौटे व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बेची जा रही थी। जिलेभर में कुल 179 दुकानों को चेक किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों से आपत्तिजनक मुखौटे जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे ऐसी किसी भी सामग्री का विक्रय न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द, शांति व्यवस्था या जनभावनाएं प्रभावित हों।

सख्त निर्देश जारी
होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं—

शराब पीकर वाहन चलाने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने तथा सायलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर वाहन जब्त किए जाएंगे। चालान न्यायालय में प्रस्तुत होने के बाद ही वाहन सुपुर्द किए जाएंगे।

साउंड सिस्टम का उपयोग सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार निर्धारित ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही किया जाए। उल्लंघन करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

फाग प्रतियोगिता या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए संबंधित एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

जबरन चंदा वसूली न की जाए और किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाया जाए। प्रतिबंधित रंगों के उपयोग से बचें।

सार्वजनिक मार्गों, विद्युत लाइन/खंभों, ट्रांसफार्मर या मुख्य चौराहों के बीच होलिका दहन न किया जाए।

होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर कर रात्रि 12 बजे तक पूर्ण किया जाए।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ईमारती लकड़ी या हरे वृक्षों की लकड़ी के बजाय गोबर के कंडों से होलिका दहन करने की अपील की गई है।

सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का भ्रामक या दुष्प्रचारित संदेश प्रसारित न करने की हिदायत दी गई है।

नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला पुलिस ने आमजन से प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

आपातकालीन संपर्क:
डायल – 112
पुलिस कंट्रोल रूम – 07744-286622
मोबाइल – 9479192199

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु निगरानी और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :